कांग्रेस के ‘डोनेट फॉर देश’ मुहिम का अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 1.38 लाख रुपए देकर किया शुभारंभ

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 दिसंबर 2023): लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने फंड जुटाने के लिए जनता का रुख किया है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव 2024 लड़ने के लिए अब सीधे तौर पर जनता से मदद की गुहार लगाई है। कांग्रेस पार्टी के लिए संसाधन जुटाने के लिए क्राउड फंडिंग अभियान ‘डोनेट फॉर देश’ शुरू किया गया है।

‘डोनेट फॉर देश’ अभियान की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 1.38 लाख रुपये का चंदा पार्टी को दिया। इस दौरान खड़गे ने कहा कि’डोनेट फॉर देश’ के द्वारा हम आम जनता से मदद लेकर देश को आगे ले जाने का काम करेंगे। कांग्रेस को हमेशा ही आम जनता की मदद मिलती रही है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने भी देशवासियों की मदद लेकर देश को आजादी दिलाई थी। यह पूरे देश में एक मुहिम बन रही है, जिसमें लोग आगे आकर देश के लिए डोनेट कर रहे हैं। उन्होंने कहा, यदि आप केवल अमीर लोगों पर निर्भर होकर काम करते हैं, तो आपको उनकी नीतियों का पालन करना होगा।

कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि हम देशवासियों से यह अनुरोध करते हैं कि 138 रुपए, 1,380 रुपए, 13,800 रुपए जैसी राशि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस के खाते में डालें, ताकि कांग्रेस एक बेहतर भारत के लिए काम कर सके। अजय माकन ने कहा कि आप हमारी वेबसाइट donateinc.in. या inc.in. के जरिए पैसे डोनेट कर सकते हैं। इसके साथ ही आप हमें क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, UPI, RTGS, NEFT या QR कोड स्कैन करके भी डोनेट कर सकते हैं। डोनेट करने वाला व्यक्ति भारत का नागरिक होना चाहिए और उसकी आयु 18 वर्ष से ज्यादा होनी चाहिए।।