संसद में सुरक्षा चूक और महिला उत्पीड़न के खिलाफ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, संसद का किया घेराव

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 दिसंबर 2023): संसद भवन के सुरक्षा में हुई चूक का मामला अब सियासी होता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी संसद में सुरक्षा चूक के लिए केंद्र की मौजूदा सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है। संसद में सुरक्षा चूक, बढ़ती महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, कमर तोड़ महंगाई, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार और महिला उत्पीड़न के खिलाफ ऑल इंडिया महिला कांग्रेस के तत्वाधान में आज दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रचंड प्रदर्शन किया गया।

महिला कांग्रेस की तरफ से जंतर मंतर पर संसद घेराव में देशभर के अलग-अलग राज्यों से महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। केंद्र की मौजूदा मोदी सरकार पर हमलावर महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर मौजूदा सरकार को कटघरे में खड़ा किया। सांसद घेराव का नेतृत्व कर रही ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई महिलाओं पर हो रही अत्याचार अब बर्दास्त से बाहर हो गई है।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार निकम्मी सरकार हो गई है। देश में लगातार महंगाई में बढ़ोतरी हो रही है, रसोई गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे है, पेट्रोल डीजल सीएनजी के दामों में इजाफा हो रही है, लेकिन सरकार की नींद अभी भी नहीं खुल रही है। पिछले दिन देश की संसद में कुछ युवा अंदर पहुंचे यह सुरक्षा में बड़ी चूक है और ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि इसका मुख्य कारण देश में बढ़ती बेरोजगारी है।

नेटा डिसूजा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मणिपुर में हो रही महिलाओं पर अत्याचार पर चुप्पी साध कर बैठी है, महंगाई पर सरकार अंकुश नहीं लगा रही है, बेरोजगारी की समस्या लगातार बढ़ रही है। हमलोग आज दिल्ली के जंतर मंतर से सरकार को चेतावनी देने आए हैं कि हमारी जो मांगे हैं उसको जल्द से जल्द माना जाए। आने वाले दिनों में महिला कांग्रेस पूरे देश में केंद्र सरकार की नीतियों, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार बढ़ती महंगाई के खिलाफ सरकार को घेरने का काम करेगी।

नेटा डिसूजा ने कहा कि महंगाई, बेरोज़गारी, महिला उत्पीड़न से जनता त्रस्त है, मोदी जी और उनकी पलटन सत्ता के सुख में मस्त हैं।जब जब देश पर संकट आया है महिलाओं ने देश को हर परेशानी से उभारा है।।