आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस पार्टी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 दिसंबर 2023): 2024 लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दिल्ली कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने आज यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। दीपक बावरिया ने कहा कि यूथ कांग्रेस को और मजबूत बनाने की दिशा में दिल्ली कांग्रेस इकाई की तरफ से कई दिशा निर्देश कार्यकर्ताओं को दिए गए हैं।

आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी दिल्ली में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस पार्टी सभी जिलों में अपनी तैयारी कर रही है, इसी कड़ी में आज एक बैठक प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई है। बावरिया ने कहा कि जल्द ही दिल्ली के सभी जिलों में कांग्रेस पार्टी अपने अध्यक्ष और पदाधिकारी की घोषणा करेगी। अरविंदर सिंह लवली को अध्यक्ष बने अभी कुछ ही दिन हुए है तमाम कांग्रेस दिल्ली इकाई के नेताओं से चर्चा हो रही है और जल्द घोषणा की जाएगी।

वही दिल्ली में आम आदमी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर दिल्ली कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी से गठबंधन होगा कि नहीं हम लोग चुनाव साथ में लड़ेंगे कि नहीं आलाकमान तय करेगी। इंडिया एलायंस का जो गठन हुआ है इसमें विपक्ष के सभी बड़े नेता बैठक कर रहे हैं और कांग्रेस पार्टी की तरफ से मल्लिकार्जुन खड़गे जो फैसला लेंगे वह हम सब मानेंगे।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली प्रभारी दीपक बावरिया ने आज दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस की एक बैठक बुलाई है। जिसमें कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश जारी किया जाएगा। लवली ने कहा की 2024 लोकसभा चुनाव से पहले संगठन को और मजबूती प्रदान कैसे किया जाए इन तमाम मुद्दों पर यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा हुई है।

अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान कैसे किया जाए इसपर हम लोग लगातार चर्चाएं कर रहे हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव से पहले हम लोग यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, माइनॉरिटी सेल समेत तमाम ऐसी विंग जो कांग्रेस पार्टी की है जिसके साथ लगातार चर्चा जारी है। इसी कड़ी में आज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक हुई है।।