भाजपा के पार्षदों ने एमसीडी दफ्तर के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन, मनमानी करने का लगाया आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (07/12/2023): भारतीय जनता पार्टी के तमाम पार्षद आज एमसीडी की कार्यप्रणाली के विरोध में एमसीडी मुख्यालय सिविक सेंटर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। भाजपा पार्षदों ने 7 दिसंबर 2022 को एमसीडी के इतिहास में काला दिवस बताया। उन्होंने कहा कि पिछले साल इसी दिन बहुमत हासिल करने के बाद से आम आदमी पार्टी द्वारा असंवैधानिक रूप से दिल्ली नगर निगम को चलाया जा रहा है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए घोटालों के कारण दिल्लीवालों में केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेताओं की छवि टूट चुकी है और दिल्ली की जनता की नजर में आज यह आम आदमी पार्टी नही दिल्ली की ठग पार्टी बन गई है। दिल्ली में भ्रष्टाचारी का पर्याय अरविंद केजरीवाल बन चुके हैं। इसका ताजा उदाहरण हमने कल बाढ़ नियंत्रण विभाग का घोटाला खोल कर दिखाया था और साथ ही अभी और जानकारी जल्द ही हम सामने लाने वाले हैं।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा ने 15 साल दिल्ली नगर निगम के माध्यम से जनसेवा की और निगम को संविधान अनुसार चलाया पर आम आदमी पार्टी ने राजनीतिक दुष्टता से काम करते हुऐ नगर निगम की संवैधानिक स्थाई समिति, अन्य समितियों के साथ क्षेत्रीय समितियों का गठन ना कर नगर निगम में अराजकता फैला दी है।

सचदेवा ने कहा कि बार-बार आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा यह झूठा प्रचार किया जाता है कि भाजपा ने अपने 15 सालों में कुछ नहीं किया। आर्थिक साधनों के अभाव के बावजूद भाजपा ने नगर निगम कम्पैक्टर लगाये, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी, 12591 सफाईकर्मियों को पक्का किया, कम्यूनिटी हॉल बनाये, सैकड़ों स्कूलों के साथ प्रतिभा विद्यालय के भवन बनवाये, जिम वाले पार्क विकसित किये।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज दिल्ली नगर निगम में एक ऐसी महापौर हैं जो सिर्फ अपने नेताओं के निर्देशों पर चलती हैं उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी ही नही है। वह अपने नेताओं द्वारा रिमोट कंट्रोल से चलाई जा रही हैं। उन्हें अपने इशारों पर चलाने वाला एक ऐसा विधायक है जिसके ऊपर पहले ही भ्रष्टाचार के आरोप लगे हुए हैं। उन्होंने केजरीवाल को उनके बयान याद दिलाते हुए कहा कि 1 जनवरी 2024 को दिल्ली के सभी कूड़े के पहाड़ हटाने का वायदा किया था लेकिन आज गाजीपुर में एक नया पहाड़ और बनना शुरु हो गया है।

सचदेवा ने सभी भाजपा पार्षदों से आवाहन किया कि वे केजरीवाल और उनके नेताओं की हर एक्टिविटी पर नज़र रखें, क्योंकि इन्हें भ्रष्टाचार करने की आदत हो गई है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह खेद का विषय है कि गत 7 दिसंबर जो एक काला दिन बन गया है से आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने दिल्ली नगर निगम को लूट का माध्यम बना लिया है और अवैध निर्माण एवं सरकारी भूमी पर कब्जे करवाने के साथ ही संपत्ति कर विभाग के माध्यम से भी जनता को लूट रहे हैं।।