पीएम मोदी ने चेन्नई बेसिन परियोजना के लिए 561.29 करोड़ रुपये की पहली शहरी बाढ़ शमन परियोजना को दी मंजूरी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (07 दिसंबर 2023): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय आपदा शमन निधि (एनडीएमएफ) के तहत ‘चेन्नई बेसिन परियोजना के लिए एकीकृत शहरी बाढ़ प्रबंधन गतिविधियों’ के लिए 561.29 करोड़ रुपये की पहली शहरी बाढ़ शमन परियोजना को मंजूरी दे दी है, जिसमें 500 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता भी शामिल है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी गुरुवार को दी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा है, “चेन्नई भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है, पिछले आठ वर्षों में यह तीसरी बाढ़ है। हम महानगरीय शहरों में अत्यधिक वर्षा होने के कारण अचानक बाढ़ आने के अधिक उदाहरण देख रहे हैं। एक सक्रिय दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय आपदा शमन निधि (एनडीएमएफ) के तहत ‘चेन्नई बेसिन परियोजना के लिए एकीकृत शहरी बाढ़ प्रबंधन गतिविधियों’ के लिए 561.29 करोड़ रुपये की पहली शहरी बाढ़ शमन परियोजना को मंजूरी दे दी है, जिसमें 500 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता भी शामिल है।”

यह शमन परियोजना चेन्नई को बाढ़ प्रतिरोधी बनाने में मदद करेगी। यह शहरी बाढ़ शमन प्रयासों की श्रृंखला में पहला है और शहरी बाढ़ प्रबंधन के लिए एक व्यापक ढांचा विकसित करने में मदद करेगा।