सीएम केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड के CAG से ऑडिट के दिए आदेश, हमलावर हुई BJP

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 दिसंबर 2023): अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड का CAG ऑडिट करवाने के आदेश दिए हैं। केजरीवाल सरकार दिल्ली जल बोर्ड के पिछले 15 साल का CAG ऑडिट कराएगी। बीजेपी ने कुछ दिन पहले ही दिल्ली जल बोर्ड में लगभग 500 करोड़ के घोटाले का आरोप दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर लगाई थी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की भाजपा द्वारा दिल्ली जल बोर्ड पर लगाए गए भ्रष्टाचार एवं स्कैम के आरोपों ने अब अरविंद केजरीवाल सरकार को अस्थिर करना शुरू कर दिया है। यह हमारे आरोपों का नतीज़ा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पहली बार दिल्ली जल बोर्ड के स्कैम एवं भ्रष्टाचार पर सफाई देनी पड़ी और दिल्ली जल बोर्ड के खातों का CAG द्वारा ऑडिट की मांग स्वीकार करनी पड़ी।

सचदेवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने CAG ऑडिट की मांग स्वीकार कर जल बोर्ड स्कैम एवं भ्रष्टाचार को दबाने का प्रयास किया है पर भाजपा इससे चुप नही होगी और हम जल बोर्ड के और स्कैम को खोलकर रहेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की 2017-18 से दिल्ली जल बोर्ड के खाते बनाए ही नही गए हैं तो फिर सी.ए.जी. आडिट किन खातों का करेगी।

दिल्ली की जनता 2016-17 के सी.ए.जी. आडिट के आधार पर प्रोजेक्ट फंड हेरफेर, बैंक खातों मे हेरफेर और वाटर टैंकर घोटाले पर केजरीवाल सरकार से जवाब चाहती है। सचदेवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री का यह कहना की अफसर दिल्ली जल बोर्ड के फंड जारी नही कर रहे एक भ्रम पैदा करने वाला बयान है, अफसर फंड देने से मना नही कर रहे वह पहले दिए पैसे का हिसाब मांग रहे हैं जो केजरीवाल सरकार देना नही चाहती।

सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार को प्रशासनिक व्यवस्था को मानने वाले अधिकारी पसंद नही आते, उन्हे उदित प्रकाश जैसे अफसर पसंद आते हैं जो पद से हटाए जाने के बाद भी जल बोर्ड में स्कैम करने में साथ देते हैं।।