महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर में दिल्ली सबसे आगे, DCW की अध्यक्ष ने की ये अपील

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (05 दिसंबर 2023): नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने साल 2022 में हुए अपराध को लेकर एक रिपोर्ट जारी किया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर के मामले में राजधानी दिल्ली वर्ष 2022 में सबसे आगे हैं। दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है।

दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पोस्ट में कहा है कि “एक बार फिर हर साल की तरह हमारी सुंदर प्यारी दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहरों की सूची में शामिल है। दिल्ली महिला आयोग में पिछले 8 साल में हमने महिलाओं की मदद के लिए हर संभव कोशिश की है। महिला सुरक्षा ऐसा मुद्दा है जिसे राजनीति से दूर रखने की ज़रूरत है। बेटियाँ किसी पार्टी की नहीं, हमें मिलकर दिल्ली को सुरक्षित बनाना है। सब सरकारें, पुलिस, DCW सब एक साथ आए और दिल्ली को सुरक्षित बनाए।”

नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के डेटा के अनुसार, वर्ष 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के राजधानी दिल्ली में 14247 मामले सामने आए हैं। तो वहीं वर्ष 2021 में 14277 और वर्ष 2020 में 1093 मामले सामने आए थे।अगर महिलाओं के खिलाफ दिल्ली में अपराध की दर की बात करें तो इसमें सबसे आगे हैं। दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर 144.4 है‌। ये महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर के राष्ट्रीय औसत 66.4 से काफी ऊपर है। तो वहीं महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर हरियाणा में 118.7, तेलंगाना में 117, राजस्थान में 115.1 है। ये अपराध की दर प्रति 1 लाख महिलाओं पर है।