Breaking: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या, धरना प्रदर्शन शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (05 दिसंबर 2023): राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की आज मंगलवार को जयपुर में अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अब करणी सेना के कार्यकर्ता अपने नेता सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या को लेकर बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा कि “सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने कई बार पुलिस प्रशासन को इस बारे में आगाह किया था, लेकिन उन्हें क्यों सुरक्षा प्रदान नहीं की गई यह जांच का विषय है। अराजकता फैलाने वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर उनकी सज़ा तय की जानी चाहिए।”

इस मामले में जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा कि “तीन लोग यहां आए थे और उन्होंने सुखदेव सिंह से मिलने के लिए कहा। अनुमति मिलने के बाद वे अंदर गए। उनसे करीब 10 मिनट तक बातचीत की और फिर सुखदेव सिंह पर फायरिंग कर दी। सुखदेव सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना में उनका एक सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक हमलावर की भी मृत्यु हुई है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।”