‘दिल्ली की जनता चाहती है कि अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने रहें’: आतिशी मार्लेना, आप नेता

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (02 दिसंबर 2023): दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। इस अभियान में जनता से राय मांगी गई है कि अगर शराब घोटाला फर्जी केस में अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होते हैं तो क्या उन्हें दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए या जेल से सरकार चलानी चाहिए? इसी अभियान के तहत दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने शनिवार को कालकाजी क्षेत्र में ‘मैं भी केजरीवाल’ डोर-टू-डोर अभियान में शामिल हुई।

इस दौरान दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि ”दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल से प्यार करते हैं और उन पर भरोसा करते हैं। दिल्ली की जनता चाहती हैं कि अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने रहें, भले ही उन्हें फर्जी मामले में जेल भेज दिया जाए।”

बता दें कि ये अभियान 1 दिसंबर से शुरू है, जो 20 दिसंबर तक चलेगा। इस अभियान में आम आदमी पार्टी के सभी मंत्री, विधायक, पार्षद और पदाधिकारी दिल्ली के 2600 पोलिंग स्टेशनों में घर-घर जाएंगे और लोगों से चर्चा कर उनकी राय जानेंगे। फिर 21 से 24 दिसंबर तक विधायक और पार्षद सभी वार्डों में जनसंवाद करके जनता की राय लेंगे। इस संबंध में मंडल स्तर पर टीमों का गठन किया जाएगा।