AAP का ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान, जनता के बीच बैलेट बॉक्स लेकर पहुंच गई बीजेपी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (02 दिसंबर 2023): दिल्ली में कथित तौर पर हुए शराब घोटाले को लेकर कुछ दिन पूर्व पूछताछ के लिए ईडी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को समन किया था। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कुछ राजनीतिक कारणों से ईडी के सामने पेश होने से मना कर दिया। इसे लेकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी और बीजेपी में जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी कर रही है कि जब केजरीवाल ने घोटाला नही किया है तो उन्हें डर किस बात की है।

वहीं आम आदमी पार्टी का इसके पीछे तर्क है कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार को काम करने से रोकने के लिए भाजपा झूठी केस में केजरीवाल को गिरफ्तार करवाना चाहती है। इस पूरे प्रकरण के बाद दिल्ली की आम आदमी पार्टी ने कल से पूरे दिल्ली में 20 दिनों तक (मैं भी केजरीवाल) कैंपेन की शुरुआत की है। इसमें लोगों से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता राय लेने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए ? क्या गिरफ्तारी के बाद अरविंद केजरीवाल को सरकार जेल से चलना चाहिए?

वहीं भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के नेतृत्व में आज दिल्ली के कनॉट प्लेस में एक लोक अभियान जनमत संग्रह चलाया गया। लोक अभियान जनमत संग्रह के माध्यम से जनता से पूछा गया कि शराब घोटाले में गिरफ्तार होने पर मुख्यमंत्री केजरीवाल इस्तीफा दें या जेल से सरकार चलाएं, जनता की इस पर क्या राय है ? जनमत संग्रह में दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित पालिका बाजार के सामने आम लोगों से पर्चा भरवारा गया है कि क्या अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा देना चाहिए या नहीं ?

मीडिया से मुखातिब होते हुए विजय गोयल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपने बचाव में बार-बार कहते हैं कि शराब घोटाला फर्जी है। अगर शराब घोटाला फर्जी है तो अरविंद केजरीवाल के पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से राहत क्यों नहीं मिल रही है। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि उनकी 385 करोड़ के लेनदेन में मनीष सिसोदिया संलिप्त हैं।

विजय गोयल ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी के नेताओं को जबरदस्ती फंसाया गया है तो सुप्रीम कोर्ट से जमानत क्यों नहीं मिल रही है। विजय गोयल ने कहा कि शराब पॉलिसी इतनी अच्छी थी तो इसे वापस क्यों लिया गया, एक के साथ एक बोतल फ्री शराब क्यों बांटी गई। दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने यमुना को मैला कर दिया, लोगों को गंदा पानी मिल रहा है, दिल्ली जल बोर्ड में भी घोटाला सामने आया है।

विजय गोयल ने कहा कि सत्ता की लालच में भ्रष्ट कांग्रेस और दूसरी भ्रष्ट पार्टियों से अरविंद केजरीवाल ने समझौता किया है। घोटाले के सबसे बड़ा सरगना अरविंद केजरीवाल हैं। आने वाले दिनों में अरविंद केजरीवाल सलाखों के पीछे होंगे। जनमत संग्रह के माध्यम से हम लोगों की राय जानना चाहते हैं और इसके जो परिणाम होंगे वह आप सबों के सामने जल्द ही रखा जाएगा।