“भारत माता का हर भक्त वंदनीय है”, आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज से मिले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (02 दिसंबर 2023): राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने आध्यात्मिक एवं धार्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की है। आरएसएस प्रमुख ने प्रेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद लिया। मोहन भागवत एवं प्रेमानंद जी महाराज के बीच का संवाद अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी वायरल हो रहा है। वीडियो में मोहन भागवत ने प्रेमानंद महाराज से कहा, बस आपके दर्शन करने थे। आपकी बात वीडियो में सुनी तो लगा कि आपसे मिलना चाहिए।

शुरुआत में प्रेमानंद महाराज के सामने मोहन भागवत खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद प्रेमानंद महाराज के एक शिष्य ने परिचय देते हुए कहा, ‘महाराज जी ये मोहन भागवत जी हैं, जो आरएसएस के मौजूदा प्रमुख हैं। इसके बाद प्रेमानंद महाराज ने कुर्सी मंगवाई और उस पर आसन लगाने के लिए कहा। वहां मौजूद अन्य लोगों से भी प्रेमानंद महाराज ने कहा कि अगर आप लोगों को कुर्सी चाहिए तो ले लीजिये।

 

परमसुखी होने के लिए बौद्धिक स्तर सुधारना होगा: आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज

आरएसएस प्रमुख से बात करते हुए आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज ने कहा कि अगर भारतवासियों को परमसुखी करना चाहते हैं तो केवल वस्तु और व्यवस्था से नहीं कर सकते। उनका बौद्धिक स्तर सुधरना चाहिए। आज हमारे समाज का बौद्धिक स्तर गिरता जा रहा है, जो चिंता का विषय है। हमारा देश धार्मिक देश है, धर्म की प्रधानता है, हमारी जो नई पीढ़ी है, इन्हीं में राष्ट्र की रक्षा करने वाले लोग निकलते हैं।

प्रेमानंदजी महाराज ने आगे कहा, ‘हमारे जीवन का लक्ष्य क्या है? हमें जितना भगवान राम, भगवान कृष्ण प्रिय हैं… उतना ही भारत देश भी प्रिय है। जिस तरीके से राम भक्त और कृष्ण भक्त हैं, उसी तरीके से भारत का हर भक्त वंदनीय है, लेकिन अब जो मानसिकता बन रही है, वह हमारे धर्म और देश के लिए लाभदायक नहीं है। प्रेमानंद महाराज ने कहा कि इस समय आवश्यकता विचार शुद्ध करने की है, आचरण और आहार शुद्ध करने की है। प्रेमानंद महाराज ने कहा, ”हमारा तिरंगा, हमारा राष्ट्र, हमारा भगवान है। आप तप के द्वारा, भजन के द्वारा लाखों की बुद्धि को शुद्ध कर सकते हैं।

गौरतलब है कि आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज अपने आध्यात्मिक ज्ञान एवं धर्म की अद्भुत व्याख्या के लिए प्रसिद्ध हैं। देशभर से लोग प्रेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद लेने एवं उनका प्रवचन सुनने उनके दरबार में जाते हैं। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, मशहूर गायक बी. प्राक, सांसद एवं अभिनेता रवि किशन सहित कई सेलेब्रिटी प्रेमानंद जी महाराज के दरबार में जा चुके हैं।।