आम आदमी पार्टी के “हस्ताक्षर अभियान” पर दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने क्या कहा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 दिसंबर 2023): आम आदमी पार्टी आज शुक्रवार से ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत जनता से पूछा जा रहा है कि अगर शराब घोटाला फर्जी केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होते हैं तो क्या उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या जेल से सरकार चलानी चाहिए? इस अभियान पर दिल्ली के मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ऐसा कोई घोटाला नहीं है। ये सब झूठे आरोप हैं। एजेंसियां और केंद्र सरकार इसका कोई सबूत कोर्ट में नहीं दे पाई हैं।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका एकमात्र इरादा अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना और दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी को रोकना है। साथ ही उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली के विभिन्न इलाकों में जा रहे हैं और लोगों से हस्ताक्षर मांग रहे हैं कि वे क्या चाहते हैं।

बता दें कि ये अभियान 1 दिसंबर से शुरू है, जो 20 दिसंबर तक चलेगा। इस अभियान में आम आदमी पार्टी के सभी मंत्री, विधायक, पार्षद और पदाधिकारी दिल्ली के 2600 पोलिंग स्टेशनों में घर-घर जाएंगे और लोगों से चर्चा कर उनकी राय जानेंगे। फिर 21 से 24 दिसंबर तक विधायक और पार्षद सभी वार्डों में जनसंवाद करके जनता की राय लेंगे। इस संबंध में मंडल स्तर पर टीमों का गठन किया जाएगा।