दिल्ली वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी: दिल्ली नगर निगम में 6589 नई भर्तियों का प्रस्ताव पारित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (29 नवंबर 2023): दिल्ली वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केजरीवाल सरकार ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम में 6589 नई नौकरियों का प्रस्ताव पारित किया है। यह जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर बुधवार को दी है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में कहा है कि “आज दिल्ली के लोगों के लिए एक और ख़ुशखबरी है। आज हमने दिल्ली नगर निगम में 6589 नई नौकरियों का प्रस्ताव पारित किया है। इन नई नौकरियों में 2949 सिक्योरिटी गार्ड और 3640 सफ़ाई कर्मियों की नौकरियाँ होंगी। MCD के स्कूलों में अब साफ़ सफ़ाई के लिए अलग से सफ़ाईकर्मी होंगे और सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड।”

केजरीवाल ने आगे कहा कि “दिल्ली सरकार की तरह हम नगर निगम में भी शिक्षा को प्राथमिकता के आधार पर लेकर काम कर रहे हैं। इन नई नौकरियों से हमारे बहुत से युवाओं को रोज़गार भी मिलेगा। हमारा मक़सद आने वाली पीढ़ी को तैयार करना है, उन्हें बेहतर माहौल देना है। शिक्षा के क्षेत्र में हम किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं होने देंगे।”