भाजपा नेता सुनील ओझा का निधन, जेपी नड्डा बोले- उनका जाना भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (29 नवंबर 2023): भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद करीबी माने जाने वाले सुनील ओझा का आज बुधवार को दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया। हाल ही में सुनील ओझा को बिहार का सह प्रभारी बनाया गया था। इससे पहले वह यूपी के सह प्रभारी थे। उनके निधन पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने दुःख जताया है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, बिहार भाजपा के सह-प्रभारी सुनील ओझा जी का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद है। ओझा जी का संपूर्ण जीवन जनसेवा व संगठन को समर्पित रहा। उनका जाना भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहन संवेदना प्रकट करता हूँ और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति!”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि “वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व विधायक, बिहार भाजपा के सह प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व सह प्रभारी श्री सुनील भाई ओझा का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा है, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, कुशल संगठनकर्ता एवं बिहार भाजपा के सह-प्रभारी श्री सुनील ओझा जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। आपका निधन समस्त भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति:।”