दिल्ली में एक व्यक्ति ने बदला लेने के लिए बीस साल के युवक को मारी गोली, पढ़ें पूरी खबर

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 नवंबर 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। यहां एक बीस साल के युवक को एक व्यक्ति ने गोली मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, गोली मारने वाले व्यक्ति को कुछ दिन पहले एक स्क्रैप गोदाम से बैटरी चोरी करते समय पकड़ा गया था।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने इस मामले में जानकारी देते हुए रविवार को कहा कि हमलावर बदला लेना चाहता था, जिसके चलते यह हिंसक घटना हुई। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार रात करीब 08:30 बजे की पूर्वोत्तर दिल्ली के शक्ति विहार इलाके की है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तरपूर्व) जॉय टिर्की ने कहा कि “शक्ति विहार निवासी इमरान की पीठ में गोली लगी है। वह और उसके रिश्तेदार मामले की रिपोर्ट करने के लिए दयालपुर पुलिस स्टेशन आए। उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया और अपने बयान में उसने कहा कि शनिवार को रात लगभग 08:30 बजे, जब वह नमाज के बाद घर लौट रहा था, तो शोएब उर्फ बब्बर ने उसे गोली मार दी। उसका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।”

इमरान के मुताबिक, कुछ दिन पहले शोएब ने अपने चाचा के स्क्रैप गोदाम से कुछ बैटरियां चुराने की कोशिश की थी।डीसीपी ने कहा कि “उसने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। बदला लेने के लिए शोएब ने उसे गोली मार दी। शोएब फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”