यमुना के जहरीले पानी में छठ पूजा का अर्घ्य देते दिखे श्रद्धालु, बीजेपी ने आप पर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 नवंबर 2023): दिल्ली के कालिंदी कुंज घाट पर आज सोमवार सुबह छठ पूजा समारोह के दौरान यमुना नदी की सतह पर जहरीले झाग की एक गहरी परत देखने को मिली। जिसमें श्रद्धालु घुटनों तक खड़े होकर उगते सूर्य को ‘अर्घ्य’ दिया और इसी के साथ आज इस महापर्व का समापन हो गया। लेकिन श्रद्धालुओं द्वारा प्रदूषित यमुना नदी के पानी में अर्घ्य देने पर बवाल मच गया है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता आम आदमी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं।

बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि “यह केजरीवाल मॉडल है। पहले उन्होंने दिल्ली को गैस चैंबर बना दिया। अब हमें जहरीले पानी से भी जूझना पड़ रहा है। जब भक्त छठ पूजा पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पानी में उतरे, हर जगह जहरीला और झागदार पानी था। केजरीवाल ने यमुना (नदी) की सफाई के बड़े दावे किए। केंद्र सरकार ने हजारों करोड़ रुपये दिए, लेकिन उनका इस्तेमाल या तो विज्ञापनों में किया गया या भ्रष्टाचार में किया गया। जहरीले झाग और घाट हटाने के जो वादे किए गए थे, वे पूरे नहीं हुए। यही केजरीवाल मॉडल है।”

बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि “दिल्ली में यमुना की आज सुबह छठ पूजा की तस्वीर। हर साल केजरीवाल वायदा करता है यमुना को साफ़ करने का और हर साल पूर्वांचली माँ बहनों को कैमिकल के झागों से भरी मैली यमुना में जाना पड़ता है।”

तो वहीं बीजेपी प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा कि “यही तो दिल्ली का दुर्भाग्य है कि दिल्ली को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जो सुबह से ले के शाम तक झूठ बोलता है, झूठे वादे करता है। अरविंद केजरीवाल तुमने लोगो को कहा था कि तुम लोगो को यमुना में डुबकी लगवाओ गे। आओ हिम्मत है तो इन्ही पूर्वांचल की बहनों के साथ यमुना में उतरो? बोलो है हिम्मत?”