दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने छठ पर्व की तैयारियों को लेकर क्या कहा?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 नवंबर 2023): छठ पर्व से पहले दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने आज यानी शुक्रवार को आईटीओ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व मंत्री आतिशी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, सुविधाओं के साथ सुरक्षा के नजरिए से भी सभी इंतजाम जल्द पूरा करें।

छठ पर्व की तैयारियों पर राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि छठ पर्व दिल्ली के सभी लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण त्योहार है। यहां कई पूर्वांचली रहते हैं। अरविंद केजरीवाल की सरकार छठ पर्व का भव्य आयोजन करती है ताकि उन्हें दिल्ली से बाहर न जाना पड़े। राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि पूरी दिल्ली के कॉलोनी और मोहल्ले में इस तरह के छठ के घाट बनाए जाते हैं ताकि किसी भी व्यक्ति को अपने घर से दूर ना जाना पड़े। दिल्ली सरकार का पूरा प्रशासन अभी छठ का घाट बनाने के लिए और वहां पर पानी के अरेंजमेंट्स के लिए, सिक्योरिटी के लिए, टेंट के लिए और लाइट्स का अरेंजमेंट के लिए ग्राउंड पर है। ताकि हमारे पूर्वांचली भाई-बहन भव्यता से त्योहार को मना सके।

उन्होंने आगे कहा कि लगभग 1000 घाट दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर बनाए गए हैं। दिल्ली सरकार के मैथिली भोजपुरी अकादमी द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हमारे पूर्वांचल भाई-बहन दिल्ली का अभिन्न हिस्सा है। इसलिए अरविंद केजरीवाल की सरकार उनको ये सम्मान देने के लिए कि वे अपना त्यौहार दिल्ली को अपना घर मान के मना पाए, इसलिए ये सारे अरेंजमेंट्स किए गए हैं।।