दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर! कल देरी से चलेगी मेट्रो

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (04 नवंबर 2023): दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली वाली ब्लू लाइन पर आज यानी 4 नंवबर देर रात से मरम्मत का काम किया जाएगा, जिसके वजह से रविवार को मेट्रो थोड़ा देरी से चलेगी। डीएमआरसी से मिली जानकारी के मुताबिक, करोल बाग और राजीव चौक सेक्शन के बीच 4और 5 नवंबर 2023 की रात को मरम्मत का काम होना है जिस वजह से मेट्रो सुबह 6 बजे उपलब्ध नहीं रहेगी। 6 बजे के बाद इस रूट पर मेट्रो सेवा सामान्य होंगी। ऐसे में इस बीच ट्रेन और फ्लाइट पकड़ने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन(DMRC) ने शुक्रवार को बताया कि 4/5 नवंबर 2023 की मध्यरात्रि को ब्लू लाइन (द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली) के करोल बाग और राजीव चौक खंड के बीच निर्धारित रखरखाव कार्य करने के लिए, लाइन पर ट्रेन सेवाओं को रविवार की सुबह कुछ समय के लिए विनियमित किया जाएगा।

डीएमआरसी ने आगे कहा कि “राजस्व सेवाओं के प्रारंभ समय से सुबह 6 बजे तक करोल बाग से राजीव चौक तक ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। इसलिए झंडेवालान और राम कृष्ण आश्रम मार्ग सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा। इस खंड/स्टेशनों पर सेवाएं सुबह 6 बजे से शुरू होंगी।”

डीएमआरसी ने बताया कि “इस अवधि के दौरान द्वारका सेक्टर-21 से करोल बाग और राजीव चौक से नोएडा सिटी सेंटर/वैशाली तक सेवाएं सामान्य समय सारिणी के अनुसार जारी रहेंगी। नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी सेक्शन में ट्रेन सेवाएं रविवार की नियमित समय सारणी के अनुसार सुबह 8 बजे शुरू होंगी।”