प्रदूषण से दिल्ली का हाल बेहाल, कांग्रेस नेता ने मास्क पहनकर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (04 नवंबर 2023): बढ़ते प्रदूषण से राजधानी दिल्ली इन दिनों गैस चैंबर में तब्दील हो गई है। एक तरफ राजधानी वासियों का प्रदूषण से दम घुट रहा है, तो वहीं बीजेपी और आम आदमी पार्टी में जुबानी जंग तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस पार्टी ने भी आज आम आदमी पार्टी और केंद्र की भाजपा सरकार से दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर जवाब मांगा है।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली सहित दिल्ली कांग्रेस के नेताओं ने प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी और प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी को लेकर दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। प्रेस वार्ता के दौरान दिल्ली कांग्रेस इकाई के नेता प्याज का माला और ऑक्सीजन मास्क लगाकर बैठे नजर आए।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि “जिस दिल्ली को अमेरिका ने सबसे हरा-भरा और स्वच्छ शहर का पुरस्कार दिया था उसी दिल्ली को आज सब लोग प्रदूषित कह रहे हैं। मेट्रो और सरकारी परियोजनाओं में देरी होगी तो स्वाभाविक है कि धूल उड़ेगी। सड़कें टूटी हुई हैं इससे ज्यादा शर्म की बात क्या होगी कि पिछले 8 सालों में दिल्ली में एक भी नया परिवहन माध्यम नहीं लाया गया है।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली में सबसे ज्यादा पॉल्यूशन टू व्हीलर की वजह से ही होता है और अच्छा ट्रांसपोर्ट सिस्टम हो तो सबसे पहले टू व्हीलर वाला ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट में शिफ्ट करता है। लेकिन सच्चाई यह है कि आज दिल्ली में बसे कम हैं, मेट्रो के प्रोजेक्ट डीले चल रहे हैं। हमारे समय में दिल्ली को अमेरिका ने क्लीन सिटी का अवार्ड दिया था और आज अमेरिका के राजदूत, दिल्ली के एनवायरनमेंट पर अपनी चिंता व्यक्त कर रहे हैं।

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जाहिर करते हुए दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए केंद्र की भाजपा और दिल्ली की सरकार जिम्मेदार है। क्लीन सिटी से मोस्ट पोल्यूटेड सिटी तक का यह जो सफर दिल्ली ने 8 सालों में तय किया है, इस सफर के लिए जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार को लेनी पड़ेगी।।