भाजपा सांसद ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को बताया अरविंद केजरीवाल का स्टेपनी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 नवंबर 2023): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के अकलतारा में रोड शो किया। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि 75 साल में दोनों पार्टियों ने सिर्फ देश को लूटा है। तो वहीं अब भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है।

बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को असंवेदनशील मुख्यमंत्री बताया है। साथ ही उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अरविंद केजरीवाल का स्टेपनी बताया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है, “दिल्ली की जनता की प्रदूषण से सांसे रुकी हुई हैं और यह आदमी अपने कर्तव्य से भागकर, दिल्ली को उसके हाल पर छोड़कर राजनीतिक पर्यटन में व्यस्त है। ऐसे ही पंजाब के किसान पराली जला रहे हैं और भगवंत मान केजरीवाल की स्टेपनी बनकर उनके आगे पीछे घूम रहे हैं। असंवेदनशील मुख्यमंत्री।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “आजादी के 75 साल बाद भी देश में गरीब लोगों को बीमार पड़ने पर पूरा इलाज नहीं मिल पाता है। 75 साल में इन दोनों(भाजपा और कांग्रेस) पार्टियों ने क्या किया? इन्होंने सिर्फ देश को लूटा।”