दिवाली के अवसर पर एमसीडी कर्मचारियों को सीएम केजरीवाल ने दिया बड़ा तोहफा, पक्का करने का प्रस्ताव पारित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 नवंबर 2023): दिवाली से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सफाई कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। दिल्ली नगर निगम ने कल 5,000 सफाई कर्मचारियों को पक्का करने के प्रस्ताव को सदन से मंजूरी दे दी है। कर्मचारियों के पक्का होने के प्रस्ताव पारित होने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों को बधाई दी है। साथ ही उन्होंने दिल्ली वासियों को आने वाले त्योहारों की शुभकामनाएं दी हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि “कल नगर निगम की सदन में बैठक हुई जिसमें प्रस्ताव पारित कर कहा गया है कि निगम के लगभग 5,000 सफाई कर्मचारियों को पक्का(स्थायी) किया जाएगा।” साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “सफाई कर्मचारियों का शोषण किया जाता रहा है। 15 साल से निगम में भाजपा की सरकार थी और उन्होंने सफाई कर्मचारियों का शोषण किया है। उन्होंने कहा कि दिवाली के मौके पर यह बहुत बड़ी घोषणा है, दिवाली- छठ पूजा सभी के लिए शुभ हो।”