आंध्र प्रदेश में भीषण ट्रेन हादसा, अबतक 13 की मौत 50 घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (30 अक्टूबर 2023): आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में रविवार को दो ट्रेनों की टक्कर हो गई, जिसके कारण कई डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है जबकि 50 के आस-पास लोग घायल हैं। आज आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी दुर्घटना स्थल का दौरा करेंगे।

आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसे पर ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ विश्वजीत साहू ने कहा, “ट्रैक का बहाली का काम किया जा रहा है। लोगों को रेस्क्यू करने का काम कल रात 12 बजे तक पूरा हो गया था। 11 लोगों की मौत हुई है, 50 के आस-पास लोग घायल हुए हैं। रेलवे ट्रैक की बहाली का काम आज शाम 4 बजे तक पूरा होने की उम्मीद है।” उन्होंने आगे कहा कि “आंध्र प्रदेश ट्रेन दुर्घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 7 की पहचान हो गई है, शेष शवों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।”

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि इस हादसे में जान गंवाने वाले आंध्र प्रदेश के मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए और अन्य राज्यों के मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए। वहीं, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपए दिया जाए। इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय ने मृतकों के परिजनों को PMNRF के फंड से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है।।