होटल के कमरे में मिला युवक-युवती का शव, सुसाइड नोट में लिखा- एक दूसरे से करते थे प्यार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 अक्टूबर 2023): दिल्ली के मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार की रात एक एक होटल से पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष का शव बरामद किया है। पुलिस को वहां से एक हाथ से लिखा हुआ सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दावा किया गया है कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और उन्होंने एक साथ अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला किया है। पुलिस दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।

इस मामले में जानकारी देते हुए DCP उत्तर पूर्व जॉय टिर्की ने शुक्रवार को कहा कि “हमें रात 8.05 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। लड़के का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया और लड़की का शव बिस्तर पर पड़ा था। एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें लिखा है कि वे दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं और आत्महत्या कर रहे हैं। क्राइम टीम और FSL टीम मौके पर मौजूद है। पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी सोहराब (28) और उत्तर प्रदेश के लोनी निवासी आयशा (27) के रूप में हुई है। मृतक महिला शादीशुदा थी। उनके परिवार में एक 9 साल का लड़का और एक 4 साल की लड़की है। मृतक महिला का पति मोहम्मद गुलफाम (28) जिम प्रोटीन सप्लीमेंट बेचता है।।