पंजाब में पराली जलाने के मामलों में आई भारी गिरावट, राघव चड्ढा ने की पंजाब सरकार की तारीफ

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (27 अक्टूबर 2023): पंजाब में आम आदमी पार्टी की भगवंत मान की सरकार को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब में इस साल पराली जलाने के मामलों में 50 फीसदी तक की कमी दर्ज की गई है। पंजाब में इस साल (15 सितंबर से 25 अक्टूबर के बीच) पराली जलाने के 2,704 मामले दर्ज हुए हैं जबकि पिछले साल इसी समय 5,792 मामले दर्ज किए गए थे। इस संदर्भ में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने एक्स पर पोस्ट किया है, जिसे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रिट्वीट किया है।

आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि “पराली जलाने और इसके दुष्परिणामों को रोकने की अटूट प्रतिबद्धता में, अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में AAP सरकार ने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी लाई है। 15 सितंबर से 25 अक्टूबर के बीच घटनाओं की संख्या 2022 में 5,792 से घटकर 2023 में 2,704 हो गई है। ऐसी उपलब्धियां केवल ईमानदार और प्रतिबद्ध सरकारें ही हासिल कर सकती हैं।”

आप सांसद राघव चड्ढा ने आगे कहा कि “यह कई प्रभावी कदमों के कारण संभव हुआ जैसे फसल अवशेष मशीनरी का तेजी से वितरण करें, उद्योगों में धान के भूसे का उपयोग बढ़ाएं, ईंट भट्ठों के लिए 20% भूसे के गोले आवंटित करें, एनजीटी के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराएं, सैटेलाइट मैपिंग लागू करें, न्यायसंगत मुआवजा प्रदान करें और इन-सीटू और एक्स-सीटू तरीकों को बढ़ावा दें।”