दिल्ली में दुर्गा पूजा विसर्जन के लिए बनाए गए 600 घाट, शहरी विकास मंत्री ने दी जानकारी

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (24 अक्टूबर 2023)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर पूरे देश में आज यानी मंगलवार को मां दुर्गा की विदाई बड़े धूम-धाम से की गई। दिल्ली के स्वास्थ्य और शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज मां दुर्गा की विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बताया कि मां दुर्गा की विसर्जन के लिए पूरे दिल्ली में करीब 600 घाट बनाए हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य और शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ‘दुर्गा विसर्जन’ पर कहा कि “अगर आप मूर्ति विसर्जन के लिए यमुना में जाते हैं तो इससे नदी प्रदूषित होती है। इसके अलावा, पूरा अनुभव भी अच्छा नहीं होता है। महिलाएं वहां नहीं जाती है। प्रदूषित जल में देवी मूर्ति का विसर्जन करने से लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत होती हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि “हमने दिल्ली में ऐसे कई घाट बनाये हैं। ये आस्था कुंज है। यहां दो दर्जन से अधिक पूजा समितियां मूर्ति विसर्जन करेंगी। सरकार ने विसर्जन, संगीत और अन्य तैयारियों की है। सिंचाई और बाढ़ विभाग ने पूरी दिल्ली में ये घाट बनाए हैं। दुर्गा पूजा विसर्जन के लिए करीब 600 घाट बनाए गए हैं।”