दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने विजयादशमी पर देश वासियों को दी शुभकामनाएं

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 अक्टूबर 2023): देशभर में आज यानी मंगलवार को विजयदशमी का त्योहार धूम-धाम से मनाया जा रहा है। इस दिन को बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना समेत तमाम नेताओं ने देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं और बधाई दी हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर देशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक्स पर कहा है, “समस्त देशवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएँ। ये पर्व बुराई पर अच्छाई की एवं असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। आइए हम सब मिलकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम जी के आदर्शों पर चलते हुए एक समृद्ध रामराज्य का निर्माण करें।”

वहीं दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने विजयदशमी पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा है, “असत्य पर सत्य, बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक दशहरा, नैतिकता, भलाई और सदाचार की कालजयी सार्वभौमिकता का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर सबको हार्दिक बधाई। मेरी कामना है कि सभी को भगवान श्री राम का आशीर्वाद प्राप्त हो और सब विजयदशमी में निहित मूल्यों से प्रेरित हों।”

तो वहीं दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि “बुराई पर अच्छाई की व अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देने वाले पावन पर्व विजयादशमी की आप सभी को हार्दिक बधाई। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख , समृद्धि , और शांति लाए।”

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी देशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा है, “सभी देशवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। जब जब अंधकार बढ़ा तब तब प्रकाश बनकर भगवान विष्णु जी धरती पर प्रकट हुए हैं। असत्य पर सत्य की जीत के प्रमाण श्री राम जी को कोटि कोटि नमन। जय सिया राम।”