भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का निधन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गजों ने जताया दुख

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 अक्टूबर 2023): भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का आज सोमवार को 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। बिशन सिंह बेदी ने भारत के लिए 67 टेस्ट खेले और 14 बार पांच विकेट और एक बार 10 विकेट के साथ 266 विकेट लिए हैं। भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर समेत कई अन्य दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “महान स्पिनर और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी जी के निधन से गहरा दुख हुआ। बेदी जी न केवल क्रिकेट जगत में अपने योगदान के कारण बल्कि पिच पर जादू बिखेरने वाले कुशल गेंदबाजी के उस्ताद के रूप में भी हमारी यादों में जीवित रहेंगे। दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार के सदस्यों और उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ।”

भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी जी हम सबके बीच में नहीं रहे। ये बहुत ही दु:खद समाचार है यह क्रिकेट जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।”

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन पर ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “श्री बिशन सिंह बेदी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। भारतीय क्रिकेट ने आज एक आइकन खो दिया। बेदी सर ने क्रिकेट के एक युग को परिभाषित किया और उन्होंने एक स्पिन गेंदबाज के रूप में अपनी कलात्मकता और अपने त्रुटिहीन चरित्र से खेल पर एक अमिट छाप छोड़ी। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।”