पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्या मामले में साकेत कोर्ट ने पांचों आरोपियों को दोषी करार दिया

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 अक्टूबर 2023): दिल्ली की पत्रकार सौम्या विश्वनाथन के हत्या के मामले में साकेत कोर्ट ने बुधवार को सभी 5 आरोपियों को दोषी करार दिया है। इनमें से चार को हत्या और मकोका के तहत दोषी करार दिया है। जबकि एक को मकोका के तहत दोषी करार दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 26 अक्‍टूबर को होगी।

पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड में कोर्ट के फैसले पर मृतका की माँ माधवी विश्वनाथन ने कहा कि “हमने अपनी बेटी खो दी है लेकिन यह (फैसला) दूसरों के लिए भी एक निवारक के रूप में काम करेगा।, नहीं तो इनकी(दोषियों) हिम्मत और बढ़ जाती।”

तो वहीं पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड मामले में फैसले पर दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त HGS धालीवाल ने कहा कि “हम सब बहुत संतुष्ट हैं। इस मामले को लेकर पूरी टीम ने बहुत मेहनत की थी। हम परिवार का दु:ख समझ पा रहे थे और मामले में किसी तरह की कमी नहीं चाहते थे। पूरा मामला परिस्थितिजन्य साक्ष्य पर निर्भर था। हत्या के मामलों में परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर दोषसिद्धि सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती है। हमारे आगे बहुत सारी चुनौतियाँ थीं लेकिन हमने भरोसा नहीं छोड़ा।”

बता दें कि कि 15 साल पहले 30 सितंबर 2008 को पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह 30 सितंबर, 2008 की देर रात करीब 3:30 बजे अपनी कार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दावा किया था कि उनकी हत्या का उद्देश्य लूटपाट था। हत्या के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों रवि कपूर, अमित शुक्ला, बलजीत मलिक, अजय कुमार और अजय सेठी को गिरफ्तार किया था। पांचों आरोपी मार्च 2009 से हिरासत में हैं। पुलिस ने आरोपियों पर मकोका भी लगाया था।।