राजस्थान में महाराणा प्रताप के वंशजों ने थामा बीजेपी का दामन, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (17/10/2023): मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल व अन्य भाजपा के दिग्गज नेताओं की अगुवाई में राजस्थान के दो दिग्गज हस्तियों ने भाजपा ज्वाइन किया। एक महाराणा प्रताप के वंशज विश्व राज सिंह, दूसरे भवानी सिंह कालवी हैं।

महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ और कुंवर भवानी सिंह कालवी ने आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में बीजेपी ज्वाइन किया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, दिया कुमारी, अरुण सिंह और राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष सीपी जोशी मौजूद रहे।

राजपूत समाज को साधने के लिए भाजपा ने बड़ा दांव खेला है। इनके भाजपा ज्वाइन करने के बाद मेवाड़ में पार्टी को फायदा मिल सकता है। दोनों को भाजपा का पटका पहना कर वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा में स्वागत किया है। राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जिनकी आज पार्टी में सदस्यता हुई है वह वीर महाराणा प्रताप के वंशज विश्व राज सिंह हैं, और दूसरे भवानी सिंह कालवी जिनके पिता करनी सेना के अध्यक्ष रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राजस्थान में इनका (ज्वाइन करन वाले नेताओं) बड़ा योगदान होगा। 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने वाले मोदी जी के संकल्प में राजस्थान का बहुत बड़ा योगदान है। इस मौके पर भवानी सिंह कालवी ने कहा कि भाजपा जो भी एक टीम के नाते मुझे बताएगी और एक टीम प्लेयर की तरह मिलकर काम करेंगे और गेम जीतने की कोशिश करेंगे। विश्व राज सिंह ने कहा की मेरे पूर्वजों ने (महाराणा प्रताप) हमेशा सर्व समाज की भलाई के लिए सोचा है और इसी सोच के साथ आज मैं भाजपा से जुड़ा हूं।।