दिल्‍ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दी जन्‍मदिन की बधाई

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 अक्टूबर 2023): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का आज मंगलवार को जन्मदिन है। वह आज 50 साल के हो गए है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक और दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर ट्वीट कर भगवंत मान को जन्‍मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने भगवंत मान की खुशहाल और स्वस्थ जीवन की कामना भी की है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि “पंजाब के हर दिल प्यारे मुख्यमंत्री और छोटे भाई भगवंत मान को जन्मदिवस की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ। श्री वाहेगुरू जी की कृपा से आप यूँ ही स्वस्थ और खुशहाल रहें। इसी जोश और मेहनत से पंजाब की जनता की सेवा में लगे रहिए, पंजाब के लोग आपको बहुत प्यार करते हैं।”

तो वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए उन्हें धन्यवाद किया है। उन्होंने ट्वीट में कहा है, “बहुत बहुत धन्यवाद अरविंद केजरीवाल जी। बड़े भाई की तरह आपका प्यार और आशीर्वाद मुझे हौसला देता है।”

बता दें कि भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1973 को पंजाब के संगरूर जिले के सतौज गांव में हुआ था। भगवंत मान ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर कॉमेडी के क्षेत्र में आ गए थे। उन्होंने कॉमेडी और कविता में कई प्रतियोगिताएं भी जीते हैं। भगवंत मान कॉमेडियन से राजनेता बने हैं और आज आम आदमी पार्टी के सबसे लोकप्रिय चेहरा हैं।।