AAP विधायक जरनैल सिंह ने दिल्ली पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप, बीजेपी पर भी कसा तंज

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (13 अक्टूबर 2023): आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ बीजेपी मुख्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल आप कार्यकर्ताओं ने संजय सिंह को रिहा करने की मांग की है। साथ ही आप कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है।

प्रदर्शन में शामिल आम आदमी पार्टी के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि “संजय सिंह की नाजायज और निराधार गिरफ्तारी के विरोध में AAP कार्यकर्ताओं द्वारा BJP मुख्यालय के बाहर आज फिर से विरोध प्रदर्शन किया गया है। आज फिर से दिल्ली पुलिस ने हमारे साथियों, महिला कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरता की है, फ्रैक्चर करने की नौबत आ गई है। संविधान का गला घोटा जा रहा है। मोदी जी आपका पाप का घड़ा भर गया है, आपकी सरकार जाने वाली है, और इस सब का हिसाब देना पड़ेगा।”

तो वहीं आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि “संजय सिंह के खिलाफ़ एक पैसे के भ्रष्टाचार का सबूत नहीं है। जो मोदी और अडानी के भ्रष्टाचार के खिलाफ़ संजय सिंह ने हजारों पन्नों की रिपोर्ट CBI, ED में दाखिल की, वहां छापा मारने नहीं गईं? पूरे देश में प्रदर्शन चलता रहेगा जब तक संजय सिंह को रिहा नहीं करते।”

आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में 4 अक्टूबर को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले प्रवर्तन निदेशालय ने संजय सिंह के आवास पर छापेमारी की और लंबी पूछताछ भी की थी। उसके बाद से वह प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में हैं।