अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं का आप दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12/10/2023): दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आज प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में अरविंद केजरीवाल सरकार के झूठ, भ्रष्टाचार, भाई- भतीजावाद एवं आडंबर के विरूद्ध आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा लगाए गए पहले बेरीकेट्स को भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा सहित 50 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को डिटेन किया।

प्रदर्शन में दिल्ली भाजपा के विभिन्न मोर्चों के साथ ही चांदनी चौक जिले के हजारों कार्यकर्ता सम्मलित हुए और वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में अरविंद केजरीवाल सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार झूठ, भ्रष्टाचार, भाई भतीजावाद एवं आडंबर की सरकार है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केजरीवाल सरकार सबको फ्री बिजली, पानी का सपना दिखा कर सत्ता में आई पर चुनाव जीत कर बिजली पानी की छूट को एक वोट बैंक की योजना बना दिया। जिसके परिणामस्वरूप आज दिल्ली का मध्यम वर्ग एवं व्यापारी देश की सबसे महंगी बिजली खरीदते हैं।

सचदेवा ने कहा कि भ्रष्टाचार मे तो केजरीवाल सरकार ने सभी सीमाऐं लांघ दी हैं। 2015-16 में आटो मीटर घोटाले एवं डी.टी.सी. बस खरीद घोटाले से शुरु हुआ भ्रष्टाचार का खेल अब स्कूल निर्माण से लेकर शराब वितरण तक हर ओर व्याप्त है। केजरीवाल के राजमहल के निर्माण मे हुआ घोटाले का तो कोई दूसरा पर्याय मिलना मुश्किल है। सत्येन्द्र जैन, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, अमानतुल्लाह खान के भ्रष्टाचार इस सरकार की पहचान है और अमानतुल्लाह खान पर तो भ्रष्टाचार का मामला खुद दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग ने दर्ज किया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाई भतीजावाद तो केजरीवाल सरकार के हर विभाग मे व्याप्त है, पहले अपने हजारों साथियों को हजारों लाखों के वेतन पर को-टर्मिनस नौकरियाँ बांटी तो वहीं फेलोशिप घोटाले ने तो केजरीवाल सरकार की पूरी तरह पोल खोल दी है। को-टर्मिनस एवं फेलोशिप नौकरियों बांटने में जातीय आरक्षण सहित सभी सरकारी नियमों की अवेहलना की ही गई, साथ ही कुछ मामलों में तो आपराधिक मामलों में लिप्त लोगों को भी नौकरी दी गई जिनमे कुछ तो सचिवालय मे बैठकर सरकार चला रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि यह विधानसभा के अंदर भाजपा विधायकों के द्वारा कहा गया था कि दिल्ली में लागू होने वाली नई शराब नीति दुनिया की सबसे भ्रष्ट नीति है। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने इसे अपने फायदे के लिए दिल्ली में लागू किया और हम पहले से ही कहते रहे हैं कि यह पूरी नीति भ्रष्टाचार की भेंट चढने वाली है जिसका अब उजागर होते जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा यह आंदोलन तब तक जारी रखेगी जब तक केजरीवाल भी जेल के अंदर नहीं चला जाता। आज दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहूंगा कि उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में आकर केजरीवाल के खिलाफ इस मुहिम को सफल बनाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केजरीवाल सरकार के हर एक घोटाले में उनकी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सम्माल्लित होना स्वाभाविक है। चाहे वह स्कूल रूम घोटाला हो, पैनिक घोटाला हो, शराब घोटाला हो, राजमहल घोटाला या फिर डीटीसी बस घोटाला में केजरीवाल का हाथ है और यह भ्रष्टाचार धीरे- धीरे खुलता जा रहा है।