लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के सातों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस शुरू करने जा रही ‘जवाब दो , हिसाब दो’ अभियान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11/10/2023): दिल्ली में लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली प्रदेश कांग्रेस इकाई ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली के सातों सीटों पर बीजेपी के सांसद हैं। लेकिन वो अपनी जवाबदेही से भाग रहे हैं। इसबार कांग्रेस पार्टी ने तय किया है कि बीजेपी के सांसदों की जवाबदेही तय करेंगे।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के तरफ से “जवाब दो हिसाब दो अभियान” की शुरुआत की गई है। लवली ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस 15 अक्टूबर, रविवार से ये अभियान शुरु करेगी। इस अभियान के अंतर्गत प्रथम चरण में दिल्ली के सातों संसदीय क्षेत्रों में कांग्रेस प्रतिज्ञा रैली का आयोजन करेगी। प्रथम चरण में 15 अक्टूबर को बवाना के झंडा चौक पर विशाल प्रतिज्ञा रैली का आयोजन होगा। जानबूझ कर दिल्ली के आखिरी छोर बवाना से इसकी शुरुआत की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रतिज्ञा रैली में कांग्रेस के कार्यकर्ता भाग लेंगे। दिल्ली में भाजपा को सातों लोकसभा सीटों पर शिकस्त देंगे, दिल्ली में नफरत की दुकान को बंद करके मोहब्बत की दुकान को मजबूत करेंगे। दिल्ली की जनता के मुद्दों को हल करवाने के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष करने की प्रतिज्ञा लेंगे।

प्रतिज्ञा रैली में दिल्ली के भाजपा के सातों सांसदों, विधायकों व पार्षदों से जनहित के मुद्दों पर जवाब मांगा जाएगा और हिसाब मांगा जाएगा। सभी लोकसभा क्षेत्रों में वहां के स्थानीय मुद्दों को पार्टी प्राथमिकता देगी। प्रतिज्ञा रैली में न केवल कांग्रेस के कार्यकर्ता भाग लेंगे बल्कि उस लोकसभा क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों, सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं, आरडब्लूए के पदाधिकारियों को भी निमंत्रण भेजे जा रहे है। लवली ने कहा कि छात्र, युवा, महिला, रेहडी पटरी, खोमचे वाले, ग्रामीणों, झुग्गी झोपड़ी वाले व अल्पसंख्यक वर्ग के संबंध रखने वाली संस्था व लोगों की विशेष भागीदारी इस प्रतिज्ञा रैली में होगी। लवली ने कहा की कांग्रेस पार्टी सातों सीटों पर लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ चुनाव लडेगी।।