संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल, भाजपा दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10/10/2023): दिल्ली में कथित तौर पर हुए शराब घोटाला मामले में ईडी द्वारा संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज भाजपा कार्यालय के बाहर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने आज बीजेपी हेडक्वार्टर के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जब बीजेपी दफ्तर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तब दिल्ली पुलिस के जवानों द्वारा उन्हें डिटेन किया गया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को चोट आई है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि संजय सिंह की गिरफ्तारी गलत है, इसकी हम सब निंदा करते हैं। हम मांग करते हैं कि जल्द से जल्द संजय सिंह को रिहा किया जाए।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि संजय सिंह की गिरफ्तारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर हुई है। संजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए ईडी और सीबीआई के पास कोई सबूत नहीं है। संजय सिंह निर्दोष है और हम लोग मांग करते हैं कि जल्द से जल्द संजय सिंह को रिहा किया जाए अगर संजय सिंह को रिहा नहीं किया जाता है तो आम आदमी पार्टी ऐसे ही सड़क पर प्रदर्शन करती रहेगी।

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता आदिल खान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जब प्रदर्शन कर रहे थे तब पुलिस के द्वारा उन्हें रोका गया। हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाई। यह दर्शाता है कि देश में तानाशाही है। संजय सिंह की गिरफ्तारी की हम कड़ी नंदा करते हैं, आम आदमी पार्टी का एक कार्यकर्ता जुल्म के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा।।