पुरानी पेंशन की मांग को लेकर रामलीला मैदान में जुटे लाखों सरकारी कर्मचारी, केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (01/10/2023): पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा फिर एकबार गरमाता जा रहा है। लगातार सरकारी कर्मचारियों की मांग है, कि केंद्र की मोदी सरकार पुरानी पेंशन योजना लागू करे। पुरानी पेंशन की मांग को लेकर आज दिल्ली के रामलीला मैदान में लाखों की संख्या में केंद्रीय कर्मचारियों ने मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए कर्मचारियों ने एक सुर में मांग किया कि पुरानी पेंशन जल्द से जल्द लागू की जाए।

दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटे केंद्रीय कर्मचारियों ने कहा कि राजस्थान, हिमाचल, पंजाब झारखंड और छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन योजना राज्य सरकार द्वारा लागू कर दी गई है। हम केंद्र सरकार से मांग कर रहे हैं कि पूरे देश में पुरानी पेंशन यानी कि OPS को लागू किया जाए। लंबे वक्त से देश के अलग-अलग राज्यों में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटे सरकारी कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन सरकार को जल्द से जल्द लागू करना होगा अगर सरकार पुरानी पेंशन योजना लागू नहीं करती है तो आने वाले चुनाव में इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। केंद्र में बैठी मोदी सरकार हमारी मांगों को लंबे वक्त से दरकिनार कर रही है, अगर कुछ राज्यों में पुरानी पेंशन योजना लागू हो सकती है तो केंद्र सरकार लागू करने में देर किस बात की कर रही है।

आपको बता दें कि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले पुरानी पेंशन बहाली और जातिगत जनगणना का मुद्दा गरमाता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने आज रामलीला मैदान में जुटे प्रदर्शनकारियों का एक वीडियो ट्वीट किया और इसके माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटे लाखों के संख्या में कर्मचारियों ने मांग किया कि जल्द से जल्द पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए।

कांग्रेस पार्टी की तरफ से रामलीला मैदान का एक वीडियो ट्वीट किया गया है, जिसमें लिखा है कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। कांग्रेस की राज्य सरकारों ने पुरानी पेंशन बहाल की है। इसे लेकर हमारी नीति साफ है- कर्मचारियों को उनका हक मिलना ही चाहिए। मोदी सरकार पुरानी पेंशन बहाल करे, देश की सेवा करने वाले कर्मवीरों का सम्मान करे।