खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को किया सम्मानित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (29/09/2023): दिल्ली में गुरुवार को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने एशियाई खेलों में देश के लिए मेडल जीतने वाले एथलीटों को सम्मानित किया। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने हांग्जो में 19वें एशियाई खेल में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीटों के लिए सम्मान कार्यक्रम में भाग लिया।

इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “पिछली बार भारत ने 70 मेडल जीते थे इस बार अब तक 6 गोल्ड, 8 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अब तक भारत ने 25 मेडल जीते हैं। मैं सभी विजेताओं को बहुत बधाई देता हूं।एशियाई खेलों में भारत ने शूटिंग में गोल्ड मैडल जीता है। हमारे यंग एथलीट भी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे है। सभी को बहुत बधाई व शुभकामनाएं।

अनुराग ठाकुर ने कहा की 73 साल बाद भारत ने बैडमिंटन में पहली बार थॉमस कप जीता। भारत अब पदक तालिका में शीर्ष स्थान में आ गया है।सभी का यही सवाल रहता है कि अचानक से भारत ज्यादा मैडल कैसे जीतने लगा ? पीएम ने देश में खेलों के विकास के लिए और ओलंपिक में मेडल पाने के लिए TOPS ( टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम ) जैसे कार्यक्रमों की शुरुआत की। इस स्कीम के तहत खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के लिहाज से सुविधाएं देने की जिम्मेदारी सरकार ने ली।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, यहां (एशियाई खेलों में) एक अलग तरह का दबाव था क्योंकि हमने एशियाई टीमों के सामने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है। हमें खुशी है कि हमने स्वर्ण पदक जीता। एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य क्रिकेटर शैफाली वर्मा ने कहा कि यह हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। पोडियम पर खड़े होना और जब राष्ट्रगान बजाया गया तो मेरे रोंगटे खड़े हो गए थे। स्वर्ण पदक जीतना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है।

पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में रजत पदक जीतने पर भारतीय निशानेबाज विजयवीर सिद्धू ने कहा कि मुझे काफी गर्व महसूस हुआ। हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। यह पहली बार है कि हमने रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में पदक जीता है। मेहनत करने के बाद जब सफलता मिलती है तो बहुत अच्छा लगता है। रैपिड फायर पिस्टल में रजत पदक जीतने पर भारतीय निशानेबाज आदर्श सिंह ने कहा कि यह मेरा पहला एशियन गेम्स था। अनुराग ठाकुर से मिलकर बहुत अच्छा लगा और यह हमारे लिए गर्व का क्षण है।