महिला आरक्षण बिल अगर 2024 से लागू नहीं हुआ तो एकबार फिर ये ठंडे बस्ते में जाएगा : स्वाति मालीवाल

टेन न्यूज नेटवर्क,

नई दिल्ली, (20 सितंबर 2023): संसद के विशेष सत्र का आज तीसरा दिन है, जो 22 सितंबर तक चलेगा। वहीं आज महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में चर्चा की जा रही है। इस बीच दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस बिल को लेकर एक्स पर ट्वीट किया है। स्वाति मालीवाल ने सवाल करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को ये साफ़ करना चाहिए कि महिला आरक्षण बिल कब से लागू होगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगर महिला आरक्षण बिल 2024 से लागू नहीं किया जाएगा तो एक बार फिर ये ठंडे बस्ते में जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि 2029 तक टालने से ये मुद्दा हल नहीं होगा। यही मौका है सालों से चले आ रहे इस मुद्दे को समाप्त करने का।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “केंद्र सरकार को ये साफ़ करना चाहिए कि महिला आरक्षण बिल कब से लागू होगा? यदि 2024 से ये नहीं लागू हुआ तो एक बार फिर ठंडे बस्ते में जाएगा। ये मौक़ा है, सालों से चले आ रहे इस मुद्दे को समाप्त करने का। 2029 तक टालने से ये मुद्दा हल नहीं होगा।”

आपको बता दें कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में पेश किया था। इस बिल का नाम ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ दिया गया है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया था कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित होने के बाद लोकसभा में महिलाओं के लिए सीटों की संख्या 181 हो जाएगी।