‘महिला आरक्षण बिल पारित होने के बाद राजीव गांधी का सपना होगा पूरा’: सोनिया गांधी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 सितंबर 2023): संसद के विशेष सत्र का आज तीसरा दिन है, जो 22 सितंबर तक चलेगा। वहीं आज महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में चर्चा की जा रही है। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि मैं बिल के समर्थन में हूं और इस बिल को तुरंत अमल में ले आया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यह बिल मेरे साथी राजीव गांधी का सपना था, लेकिन मैं सरकार से पूछना चाहती हूं कि महिलाओं को इसके लिए कितना लंबा इंतजार करना होगा?

लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि “यह मेरी जिंदगी का मार्मिक क्षण है, पहली बार स्थानीय निकायों में स्त्री की भागीदारी तय करने वाला संविधान संशोधन मेरे जीवन साथी राजीव गांधी ही लेकर आए थे। बाद में पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में कांग्रेस ने उसे पारित कराया था, आज उसका नतीजा है कि आज देश भर के स्थानीय निकायों में हमारे पास 15 लाख चुनी हुई महिला नेता हैं। राजीव गांधी का सपना अभी तक आधा ही पूरा हुआ है, इस बिल के पारित होने के साथ वह पूरा होगा।

उन्होंने आगे कहा कि “कांग्रेस पार्टी इस बिल का समर्थन करती है। मैं एक सवाल पूछना चाहती हूं देश की स्त्रियां अपनी राजनीतिक ज़िम्मेदारी का इंतजार कर रही हैं लेकिन अभी भी इसके लिए उन्हें कितने वर्ष इंतज़ार करना होगा? कांग्रेस की मांग है कि यह बिल तुरंत लागू किया जाए और इसके साथ ही जातीय जनगणना भी कराई जाए।”

तो वहीं महिला आरक्षण बिल पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि “यह विधेयक महिलाओं की गरिमा के साथ-साथ अवसरों की समानता को भी बढ़ाएगा। महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा। इसके चार महत्वपूर्ण खंड हैं।”

आपको बता दें कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में पेश किया था। इस बिल का नाम ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ दिया गया है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित होने के बाद लोकसभा में महिलाओं के लिए सीटों की संख्या 181 हो जाएगी। सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह बिल 21 सितंबर को राज्यसभा में पेश किया जाएगा।।