महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में चर्चा से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर लगाया आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 सितंबर 2023): संसद के विशेष सत्र का आज यानी बुधवार को तीसरा दिन है, जो 22 सितंबर तक चलेगा। तो वहीं आज महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में चर्चा की जाएगी। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा से पहले राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि सरकार सिर्फ चुनाव के लिए प्रचार कर रही है। साथ ही उन्होंने एक बार फिर दोहराते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल नया नहीं है।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि “पहले ही राज्यसभा में 2010 में हमने (महिला आरक्षण बिल) पास किया है, लोकसभा में किसी कारण बिल पास नहीं हुआ। यह कोई नया विधेयक नहीं है। मेरा अंदाज़ा है कि ये लोग चुनाव की दृष्टि से ऐसा बोल रहे हैं, लेकिन इन्होंने कहा है जनगणना, परिसीमन होने के बाद सभी चीज़ों को ध्यान में रखते हुए इसे लागू किया जाएगा इसमें समय लगेगा। जो विधेयक राज्यसभा में पास हुआ था ये उसे आगे बढ़ा सकते थे लेकिन इनकी मंशा कुछ और है। हम महिला आरक्षण बिल के पक्ष में हैं लेकिन जो कमियां हैं उन्हें दुरुस्त करना चाहिए।”

आपको बता दें कि महिला आरक्षण बिल मंगलवार को लोकसभा में पेश किया गया है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इस बिल को पेश किया है। इस बिल का नाम ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ दिया गया है। अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के बाद लोकसभा में महिलाओं के लिए सीटों की संख्या 181 हो जाएगी।