महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चा तेज, बॉलीवुड की अभिनेत्रियों ने क्या कहा?

टेन न्यूज नेटवर्क,

नई दिल्ली, (19 सितंबर 2023): महिला आरक्षण बिल मंगलवार को लोकसभा में पेश किया गया। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इस बिल को पेश किया है। इस बिल का नाम ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ दिया गया है। इस बिल के लोकसभा में पेश होने के बाद कई अभिनेत्रियों की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

महिला आरक्षण बिल पर अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने कहा कि “ये सुंदर काम है जो पीएम मोदी ने किया है। यह एक बहुत ही प्रगतिशील विचार है। यह आरक्षण विधेयक महिलाओं को समान अधिकार देगा। यह हमारे देश के लिए एक बड़ा कदम है। पीएम मोदी ने इसका वादा किया और इसे पूरा किया।”

तो वहीं महिला आरक्षण बिल पर अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि “यह एक अद्भुत विचार है, यह सब हमारे माननीय प्रधानमंत्री मोदी और इस सरकार और महिलाओं के उत्थान के प्रति उनकी (पीएम मोदी) विचारशीलता के कारण है।

आपको बता दें कि इस बिल को पेश करते हुए केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि “यह बिल महिला सशक्तिकरण के संबंध में है। इसके माध्यम से संविधान के अनुच्छेद 239AA में संशोधन करके राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) दिल्ली में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित की जाएंगी। अनुच्छेद 330A लोक सभा में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए सीटों का आरक्षण है।”