अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी को दे दी चुनौती, कहा -‘हिम्मत है तो इंडिया का नाम बदलकर दिखाओ’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (16 सितंबर 2023): छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी पार्टी ने भी अपनी कमर कस ली है। इसी सिलसिले में आज शनिवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के लालबाग मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे।

जनसभा के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी से सवाल करते हुए कहा कि “क्या इंडिया तुम्हारे पिता जी का है? यह 140 करोड़ लोगों का है।” साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को को चुनौती देते हुए कहा कि “हिम्मत है तो इंडिया का नाम बदलकर दिखाओ। पिछले साल तक ये लोग इंडिया के नाम पर कई कार्यक्रम चलाते थे, विपक्ष ने इंडिया नाम रख लिया तो कहते हैं हम इंडिया नाम बदलेंगे।”

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि “आज चार दिन हो गए हैं और चार दिन पहले वो (जवान) मुठभेड़ (अनंतनाग) में शहीद हो गए थे, लेकिन अभी तक पीएम मोदी ने एक भी शब्द नहीं कहा। आप क्यों नहीं बोल रहे हैं? क्या आपको दुख नहीं होता?”