दिल्ली के स्कूलों में क्लासरूम निर्माण में 1300 करोड़ का घोटाला, बीजेपी बोली- केजरीवाल जाएंगे जेल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (15/09/2023): दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। दिल्ली की सत्ता में बैठी आम आदमी पार्टी की सरकार पर भाजपा लगातार कई घोटाले के आरोपों को लेकर हमलावर है। पिछले वर्ष दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय (DOV) की रिपोर्ट में दिल्ली के स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण में 1300 करोड़ रुपये का घोटाला होने का दावा किया गया था।

अब लोकायुक्त की एक रिपोर्ट आई है, जिसका हवाला देते हुए बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर क्लासरूम घोटाला का आरोप लगाया है। मनोज तिवारी ने कहा कि रिपोर्ट में कहा गया है कि ‘मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर’ 7,180 क्लासरूम की जगह 4,126 क्लासरूम बनाने को कहा गया।

मनोज तिवारी ने कहा कि बजट में कोई कटौती नहीं हुई। टॉयलेट को, प्रिंसिपल ऑफिस को, पहले से बने क्लासरूम को भी इसी में जोड़ दिया गया। यह सब कुछ संदेहास्पद है ये एक बड़ा घोटाला है और इसमें केजरीवाल पूरे तरीके से दोषी हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार घोटाले से बाहर निकल नहीं पा रही है। मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी की तुलना कांग्रेस पार्टी से करते हुए कहा कि जैसे कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी वैसे ही केजरीवाल ने भी भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी। एक के बाद एक इनके घोटाले सामने आते गए। पहले शराब घोटाला, हवाला घोटाला, पैनिक बटन घोटाला, दिल्ली जल बोर्ड घोटाला, डीटीसी घोटाला, शीशमहल घोटाला और अब क्लासरूम घोटाला सामने आया है।

मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए कहा कि चोरों की बारात के मुखिया अरविंद केजरीवाल को हिम्मत है तो वह इसका जवाब दें। मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल घोटाला में संलिप्त सरकार है।

दिल्ली बीजेपी के प्रदेश मंत्री हरीश खुराना ने कहा कि तेवतिया चौहान और शर्मा आर्किटेक्ट ये वह व्यक्ति हैं जिसने केजरीवाल के शीश महल घोटाले में साथ दिया था और यह कोई भारतीय जनता पार्टी नहीं कह रही यह सीवीसी की रिपोर्ट कह रही है।।