दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने संभाला पदभार, कार्यकर्ताओं को दिया संजीवनी मंत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (14/09/2023): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष का पद औपचारिक तौर पर संभाल लिया। पदभार ग्रहण से पहले अरविंद सिंह लवली का प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने फूल माला के साथ भव्य स्वागत किया। पदभार ग्रहण के मौके पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अरविंदर सिंह लवली का स्वागत किया। पार्टी दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि मैं सभी कांग्रेसजनों का सर झुका के धन्यवाद करना चाहता हूं, जो जिम्मेदारी और विश्वास आपने मुझ पर दिखाया है उसे हम अच्छे से पूरा करने की कोशिश करेंगे।

कांग्रेस दफ्तर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि मैं आह्वान करना चाहता हूं अपने तमाम कांग्रेसजनों को, हमें केवल कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत नहीं है, बल्कि देश को कुशासन से मुक्ति दिलाने के लिए हमें संघर्ष करने की जरूरत है। अरविंदर सिंह लवली ने इस मौके पर कहा कि मैं देश के तमाम लोगों से अपील करना चाहता हूं कि देश बचाने के लिए राहुल गांधी जी जो भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, जिस ख्यालात और सोच के साथ वो निकले हैं उसमें आप सभी भागीदार बनो।।