पीएम मोदी ने विश्व को दिया ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास’ का मंत्र, संबोधन की खास बातें

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 सितंबर 2023): राजधानी दिल्ली में G20 की बैठक की शुरुआत हो चुकी है। पीएम मोदी ने विश्व नेताओं का भव्य स्वागत किया। पीएम ने सभी नेताओं को संबोधित भी किया।

बता दें कि प्रगति मैदान के भारतीय मंडपम में इस बैठक का आयोजन किया गया है।पीएम ने बैठक में अपने संबोधन के शुरुआत में G20 में भारत के विजन को सबके सामने रखा। पीएम मोदी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से वैश्विक विश्वास की कमी को विश्वास और निर्भरता में बदलने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि अब दुनिया को एकसाथ मिलकर चलने का समय आ गया है।

अफ्रीकी यूनियन की सदस्यता का ऐलान

G20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले अफ्रीकी यूनियन की सदस्यता का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सदस्यता पर सभी लोगों ने अपनी सहमति जताई है।

गौरतलब है कि अफ्रीकी यूनियन में कुल 55 देश शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के शामिल होने के बाद G20 यूरोपियन संघ के बाद देशों का दूसरा सबसे बड़ा समूह बन गया है। उम्मीद है कि अफ्रीकी यूनियन के शामिल होने के बाद G20 अब G21 बन सकता है।

विश्व को पीएम मोदी ने सबका साथ का दिया मंत्र

पीएम मोदी ने बताया कि ” सबका साथ की भावना के साथ ही भारत ने प्रस्ताव दिया था कि अफ्रीकी संघ को G20 की स्थाई सदस्यता दी जाए। मेरा मानना है कि इस प्रस्ताव पर हम सभी सहमत हैं। आप सभी की सहमति से मैं अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष को स्थायी सदस्य के रूप में स्थान ग्रहण करने के लिए आमंत्रित करता हूं।”

पीएम मोदी ने कहा कि ” इस समय में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ का मंत्र हमारे लिए मार्गदर्शक हो सकता है। आज G20 के अध्यक्ष के रूप में भारत पूरी दुनिया से वैश्विक विश्वास की कमी को विश्वास में बदलने का आह्वान करता है। यह हम सभी के लिए एकसाथ आगे बढ़ने का समय है।”