G-20 शिखर सम्मेलन: दिल्ली एलजी ने शहर की सुरक्षा, सफाई, सौंदर्यीकरण की तैयारियों का लिया जायजा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (07 सितंबर 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आगामी जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। G-20 शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज यानी गुरुवार को शहर की सुरक्षा, सफाई, सौंदर्यीकरण की तैयारियों और अन्य संबंधित कार्यों का जायजा लिया है। इस संदर्भ में एलजी कार्यालय की ओर से गुरुवार को जानकारी दी गई है।

एलजी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, “दिल्ली के उपराज्यपाल, वीके सक्सेना आज राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा, सफाई, सौंदर्यीकरण की तैयारियों और अन्य संबंधित कार्यों का जायजा लेने के लिए फिर से निरीक्षण के अंतिम दौर में गए और कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए दिल्ली पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। अपने निरीक्षण के एक हिस्से के रूप में, सक्सेना ने शहर के हर कोने पर नज़र रखने के लिए अपने मुख्यालय में स्थापित दिल्ली पुलिस के अत्याधुनिक विकसित नियंत्रण कक्ष का भी दौरा किया है।”

आपको बता दें कि जी20 शिखर सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। जी20 शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी दिल्ली को दुल्हन की तरह सजाया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।