नाबालिग लड़की के साथ हुआ दुष्कर्म, आरोपी गि रफ्तार

मयूर विहार इलाके के यमुना खादर में इंसानियत को शर्मसार करने वाला वाकया सामने आया। एक युवक ने 14 साल की किशोरी से दो बार दुष्कर्म किया और तीन साथियों के साथ मिलकर छेड़छाड़ करते हुए अश्लील वीडियो बनाकर सोशल साइट्स पर डाल दिया। उसने किसी को बताने पर तेजाब से मुंह जलाने और जान से मारने तक की धमकी दी थी। इससे किशोरी इतनी डर गई कि परिवार वालों को भी नहीं बताया।

सोशल साइट्स पर वीडियो आने के बाद मामले का पर्दाफाश हुआ और परिजनों ने मयूर विहार थाने में शिकायत दी। मेडिकल टेस्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म, छेड़छाड़, मारपीट और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद मुख्य आरोपी धीरज के साथ नीरज, अजय और एक नाबालिग को भी पुलिस ने धर दबोचा। कोर्ट ने धीरज, नीरज और अजय को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। उधर, पुलिस ने एक एनजीओ की मदद से पीड़ित किशोरी की काउंसलिंग भी कराई।