भारत का पहला सूर्य मिशन आदित्य एल-1 की सफल लॉन्चिंग, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसरो को दी बधाई

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (02 सितंबर 2023): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने पहले सूर्य मिशन आदित्य एल-1 को लॉन्च कर दिया है। इसे आज यानी दो सितंबर को दोपहर 11 बजकर 50 मिनट पर श्री हरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया है। इस मिशन से इसरो सूर्य का अध्ययन करेगा।आदित्य एल-1 की सफल लॉन्चिंग पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत दिल्ली के अन्य नेताओं ने इसरो को बधाई दी हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “भारत के पहले सौर मिशन, आदित्य-एल1 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो और हमारे सभी भारतीयों को बधाई। यह ऐतिहासिक उपलब्धि अंतरिक्ष अन्वेषण में एक और बड़ी छलांग का प्रतीक है। यह मिशन अरबों लोगों की आशाओं को संजोए हुए है और मैं इसकी विजय के लिए प्रार्थना करता हूं। जय हिन्द।”

दिल्ली प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने ट्वीट में लिखा है, “इसरो का सौर मिशन-आदित्य-L1, श्रीहरिकोटा से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। हमारे वैज्ञानिकों की टीम और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी और साहसिक नेतृत्व को बधाई। हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण! जय श्री राम।”

दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद ने इसरो को बधाई दी है। समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद ने ट्वीट में लिखा है, “चंद्रमा पर विजय प्राप्त करने के कुछ दिन बाद आदित्य-L1 के सफल प्रक्षेपण के साथ इसरो अब सूर्य का अध्ययन करने के लिए तैयार है। भारत के लिए एक और गर्व का दिन। इसरो को बधाई।”

दिल्ली के डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने इसरो को बधाई देते हुए ट्वीट किया है उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “इसरो के लिए एक और मील का पत्थर। भारत का पहला सौर मिशन, आदित्य-एल1 श्रीहरिकोटा से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया‌।”

दिल्ली कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा है, “ISRO ने देश को गौरवान्वित होने के अनेक मौके दिए हैं।चंद्रयान-3 के बाद ISRO ने आदित्य L-1 को सफलतापूर्वक लॉन्च कर फिर से देश का मान बढ़ाया है।देश के वैज्ञानिकों की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर समस्त कांग्रेस परिवार को गर्व है। ISRO की पूरी टीम को शुभकामनाएं। जय हिंद।”