दिल्ली : शकूरपुर इलाके में 85 वर्षीय वृद्ध के साथ दुष्कर्म, DCW अध्यक्ष ने जारी किया नोटिस

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 सितंबर 2023): राष्ट्रीय राजधानी में इंसानियत को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है।‌ दिल्ली के शकूरपुर इलाके में एक 85 साल की बुजुर्ग महिला के साथ बलात्कार और उस पर हमला करने का मामला सामने आया है। इस मामले में दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। इस बात की जानकारी दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को एक्स पर नोटिस शेयर करके दी है।

स्वाति मालीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “आज दिल्ली में इंसानियत तार तार हो गई। शकुरपुर में सुबह 4 बजे 85 साल की अम्मा के साथ उनकी झुग्गी में घुसकर रेप किया गया। उनसे मिलके घाव देखके रूह काँप गई। 8 महीने की बच्ची या 85 साल की अम्मा, सब हैवानियत के शिकार हैं। पुलिस को नोटिस जारी कर गिरफ़्तारी की माँग रखी है!”

दिल्ली महिला आयोग द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि “दिल्ली महिला आयोग को 85 साल की महिला के साथ रेप की सूचना मिली है। आयोग को बताया गया है कि 85 साल की महिला दिल्ली के शकूरपुर इलाके की झुग्गी बस्ती में रहती है। उन्होंने बताया कि पति की मौत के बाद वह अपनी झुग्गी में अकेली रहती हैं। उसने आरोप लगाया है कि 1 सितंबर को सुबह करीब 4 बजे एक व्यक्ति जबरन उसकी झुग्गी में घुस आया और उसके साथ बलात्कार किया। उसने यह भी बताया कि आरोपी ने उसके चेहरे पर मुक्का मारा, उसके होंठ ब्लेड से काट दिए और उसका गला घोंटने की कोशिश की। उसके पूरे चेहरे और प्राइवेट पार्ट्स पर भी चोटें हैं। यह बहुत ही गंभीर मामला है।”

इस मामले में दिल्ली महिला आयोग ने गिरफ्तार आरोपियों का विवरण और महिला को सुरक्षा प्रदान करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा उठाए गए कदम की जानकारी मांगी है। साथ ही आयोग ने सवाल करते हुए पूछा है कि क्या आपके अधिकार क्षेत्र में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सूची पुलिस द्वारा बनाई गई है? कृपया बताएं कि उनकी सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली महिला आयोग ने इस मामले में विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट की मांग की है। साथ ही कहा कि आयोग को मांगी गई जानकारी 5 सितंबर तक उपलब्ध कराएं।।