75 वर्षों में हमने कई चीजें हासिल की है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है: अमित शाह

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 सितंबर 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी शुक्रवार को ‘मेरा माटी मेरा देश’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘मेरा माटी मेरा देश’ कार्यक्रम के दौरान कहा कि “इस कार्यक्रम के माध्यम से, हर परिवार, हर व्यक्ति, हर नागरिक, हर बच्चा भारत को एक महान राष्ट्र बनाने में योगदान दे सकता है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी कई रहस्यों से पर्दा उठेगा। प्रत्येक व्यक्ति को देश के विकास और उसके भविष्य से जोड़ना नेतृत्व के लिए चुनौती है।” उन्होंने आगे कहा कि “हमने 75 वर्षों में कई चीजें हासिल की हैं। हम चंद्रमा तक पहुंच गए हैं और जल्द ही सूर्य के करीब पहुंच जाएंगे। लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।”

तो वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों और शहीदों को याद करने का नया नजरिया दिया है। उन्होंने (स्वतंत्रता सेनानियों ने) देश के लिए ‘बलिदान’ दिया, विकसित भारत बनाने के लिए आप सभी को ‘योगदान’ देना होगा।”