दिल्ली कांग्रेस के कप्तान बने अरविंदर सिंह लवली, AAP से गठबंधन को लेकर कह दी बड़ी बात

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (31/08/2023): दिल्ली की सियासी जमीन खो चुकी कांग्रेस पार्टी को आज नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। अरविंदर सिंह लवली पूर्व में दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष और दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

अरविंदर सिंह लवली ने टेन न्यूज से बातचीत करते हुए कहा कि आज मुझे कांग्रेस नेतृत्व द्वारा प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। इसके लिए मैं शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए दिल्ली में तमाम तरह की चुनौतियों से हमलोग मिलकर लड़ेंगे।

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हमारा काम है प्रदेश में संगठन को मजबूत करना। अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि किस पार्टी से 2024 लोकसभा चुनाव में गठबंधन होगी यह फैसला शीर्ष नेतृत्व का है, शीर्ष नेतृत्व जो फैसला लेगी उस पर हम लोग अमल करेंगे।

लवली ने कहा कि आलाकमान जो भी फैसला करेगा, हम उसका पालन करेंगे। दिल्ली कांग्रेस के नेता पहले हुई बैठकों में अपनी राय रख चुके हैं। शीला दीक्षित की सरकार में बतौर मंत्री कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालने वाले लवली इससे पहले दिसंबर 2013 से फरवरी 2015 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।।